जहानाबाद में चोर 25 हजार वोल्ट की रेलवे हाईटेंशन तार काटकर ले गए। घटना के बाद 3 घंटे तक कई ट्रेनें रुकीं, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल।

बिहार का जहानाबाद पहले से ही कई बड़ी घटनाओं के लिए चर्चा में रहा है। कभी जेल ब्रेक, कभी नरसंहार, तो कभी ट्रेन लूट की घटनाओं ने इस जिले को सुर्खियों में रखा। लेकिन इस बार चोरों ने ऐसा कारनामा कर दिया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। दरअसल, गया–पटना रेलखंड के तेहटा और जहानाबाद स्टेशन के बीच चोरों ने 25,000 वोल्ट (25 KV) की ओवरहेड रेलवे बिजली की करीब 100 मीटर तार काटकर चोरी कर ली।
जहानाबाद में बिजली के तार चोरी होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पहले चोर 11 केवी या 33 केवी बिजली लाइन के तार काटकर ले जाते थे, लेकिन इस बार उन्होंने रेलवे की 25 हजार वोल्ट वाली हाईटेंशन OHE तार को ही निशाना बना दिया। यह न केवल बेहद जोखिम भरा काम था, बल्कि इससे हजारों यात्रियों की यात्रा भी प्रभावित हुई। इस घटना के कारण रेल मार्ग की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
तार चोरी होने के बाद डाउन लाइन पर ट्रेन परिचालन करीब 3 घंटे तक ठप रहा। इस दौरान गंगा दामोदर एक्सप्रेस, पलामू एक्सप्रेस, हटिया–पटना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रास्ते में खड़ी रहीं या देरी से चलीं। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम और आरपीएफ मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त तार को बदलकर मरम्मत का काम पूरा किया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इसे सुनियोजित चोरी माना जा रहा है।
यह घटना इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि 25 हजार वोल्ट की हाईटेंशन रेलवे लाइन को काटना बेहद खतरनाक माना जाता है। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील रेल संपत्तियों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Keep visiting The Ganga Times for such beautiful articles. Follow us on Facebook, Twitter, Instagram, and Koo for regular updates.