हिन्दी की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘आलोचना’ की वेबसाइट शुरू
सात दशकों से हो रहा है ‘आलोचना’ का प्रकाशन। पुराने अंकों की पाठ्य सामग्री भी वेबसाइट पर होगी उपलब्ध। ई-मैगजीन के रूप में उपलब्ध होंगे सभी पुराने अंक।
Aalochana magazine online
नई दिल्ली: हिन्दी की प्रतिष्ठित त्रैमासिक पत्रिका ‘आलोचना’ की आधिकारिक वेबसाइट सोमवार से शुरू हो गई है। वेबसाइट पर आलोचना के पुराने अंकों के लेखों के साथ नई पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध होगी। आलोचना पिछले सात दशक से भी अधिक समय से हिन्दी पाठकों की सबसे प्रिय पत्रिकाओं में शुमार रही है। वेबसाइट से आलोचना के लेख और पाठ्य सामग्री तक पाठकों की पहुँच और भी आसान हो जाएगी। आलोचना ऑनलाइन का पता www.aalochanamagazine.com है। यह जानकारी राजकमल प्रकाशन के प्रबन्ध निदेशक अशोक महेश्वरी ने दी।
उन्होंने कहा, “आलोचना पत्रिका की शुरुआत 1951 में सभ्यता-समीक्षा की एक वैचारिक मुहिम के तौर पर की गई थी। राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित होन...








